नालंदा जिले के मानपुर थाना क्षेत्र के तेतरावां गांव स्थित पईन से शनिवार को पुलिस ने पांच दिनों से लापता एक व्यक्ति का शव बरामद किया। मृतक की पहचान अस्थावां थाना क्षेत्र के अस्थावां बस्ती निवासी सुरेश राम के 45 वर्षीय पुत्र सोनू राम के रूप में हुई है। परिजनों ने गांव के ही एक दबंग पर जमीन विवाद और बकाया रुपये के मामले में हत्या करने का गंभीर आरोप लगाया है।
परिजनों के अनुसार सोनू राम की 13 कट्ठा जमीन को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। आरोप है कि गांव के मुकेश यादव ने पहले 8 कट्ठा जमीन अपने नाम करा ली, लेकिन उसकी रकम नहीं दी। इसके बाद बाकी 5 कट्ठा जमीन पर भी जबरन कब्जा कर लिया गया। बताया जा रहा है कि जमीन के एवज में करीब 13 लाख रुपये बकाया थे। इसी मामले को लेकर 24 अप्रैल को गांव में पंचायत भी हुई थी, जिसमें दोनों पक्षों के बीच कहासुनी और हाथापाई हुई थी।
मृतक के रिश्तेदार सबलू कुमार ने बताया कि पंचायत के कुछ दिनों बाद तक सोनू राम गांव में दिखाई दिए थे, लेकिन पिछले चार से पांच दिनों से वे लापता थे। इसी दौरान पुलिस के माध्यम से तेतरावां पईन में एक शव मिलने की सूचना मिली। शव के पास मिले आधार कार्ड से उनकी पहचान की गई।
परिजनों का कहना है कि शव पर गंभीर चोट के निशान मिले हैं। उनका आरोप है कि सोनू राम का हाथ टूटा हुआ था, सिर पर गहरे जख्म थे और गला दबाकर उनकी हत्या की गई है। परिजनों ने यह भी आरोप लगाया कि आरोपी इलाके में जमीन कब्जाने जैसे मामलों में अक्सर शामिल रहता है और अपने रसूख का दबाव बनाता है।
इधर मानपुर थानाध्यक्ष अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि ग्रामीणों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहारशरीफ मॉडल अस्पताल भेज दिया गया। प्रारंभिक जांच में आशंका जताई जा रही है कि हत्या कहीं और की गई और साक्ष्य छिपाने के उद्देश्य से शव को पईन में फेंक दिया गया। मामले की वैज्ञानिक जांच के लिए एफएसएल टीम को भी बुलाया गया है। पुलिस पूरे मामले की गंभीरता से जांच कर रही है और लिखित शिकायत मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।






