पटना : बिहार राज्य तालिमी मरकज संघ के पांच सदस्यीय शिष्टमंडल ने राज्य के माननीय मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी से मुलाकात कर उन्हें मुख्यमंत्री बनने पर बधाई दी। इस दौरान प्रतिनिधिमंडल ने मुख्यमंत्री को सम्मान स्वरूप “गौरव बिहार” और “गौरव बेगूसराय” का मोमेंटो भेंट किया तथा अंगवस्त्र ओढ़ाकर उनका अभिनंदन किया।
मुलाकात के दौरान तालिमी मरकज संघ की ओर से एक विस्तृत अभिनंदन पत्र भी मुख्यमंत्री को सौंपा गया, जिसमें संगठन की गतिविधियों और सामाजिक योगदान का उल्लेख किया गया। साथ ही, संघ ने अपनी विभिन्न मांगों को लेकर एक मांग पत्र भी प्रस्तुत किया, जिसमें तालिमी मरकज से जुड़े शिक्षकों और कर्मियों की समस्याओं तथा उनके समाधान से जुड़ी अपेक्षाएं शामिल थीं।
शिष्टमंडल में संघ के प्रदेश कार्यकारी अध्यक्ष मोहसिन अंसारी, प्रदेश सचिव तारिक अनवर, प्रदेश कार्यालय प्रभारी मोहम्मद अकबर तथा जिला कार्यकारिणी सदस्य मोहम्मद अमजद प्रमुख रूप से शामिल रहे। सभी सदस्यों ने मुख्यमंत्री के समक्ष अपने विचार रखे और संगठन की मांगों पर सकारात्मक पहल की उम्मीद जताई।
मुख्यमंत्री श्री सम्राट चौधरी ने शिष्टमंडल के सभी सदस्यों का स्वागत करते हुए उन्हें बधाई दी और उनकी बातों को गंभीरता से सुनने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि सरकार शिक्षा और सामाजिक विकास से जुड़े हर मुद्दे पर संवेदनशील है और उचित स्तर पर आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
इसी क्रम में तालिमी मरकज संघ के प्रतिनिधि अपनी मांगों को लेकर श्री निशांत कुमार से भी मिले, जहां उन्होंने संगठन से जुड़ी समस्याओं और सुझावों पर विस्तार से चर्चा की। इस मुलाकात को भी संघ ने सकारात्मक बताया और उम्मीद जताई कि जल्द ही उनकी मांगों पर ठोस निर्णय लिया जाएगा।
इस पूरे प्रयास की सराहना करते हुए नालंदा के शिक्षक मोहम्मद आज़ाद आलम ने कहा कि, “तालिमी मरकज से जुड़े शिक्षक लंबे समय से अपनी समस्याओं के समाधान की उम्मीद कर रहे हैं। प्रदेश संघ द्वारा उठाया गया यह कदम सराहनीय है। हमें उम्मीद है कि सरकार शिक्षकों की मांगों पर गंभीरता से विचार कर उन्हें जल्द राहत प्रदान करेगी।”






