नालंदा जिले के बिहार शरीफ प्रखंड अंतर्गत स्थित मध्य विद्यालय बेलछी शरीफ में आज प्रवेश उत्सव सह विशेष नामांकन अभियान का सफल आयोजन किया गया। इस अभियान के तहत विद्यालय के शिक्षकों द्वारा गांव-गांव और घर-घर जाकर सर्वे किया गया, जिसके परिणामस्वरूप वर्ग 1 से 8 तक कुल 26 अनामांकित छात्र-छात्राओं का नामांकन कराया गया।
इस विशेष अभियान का मुख्य उद्देश्य क्षेत्र के प्रत्येक बच्चे को शिक्षा की मुख्यधारा से जोड़ना और विद्यालयों में शत-प्रतिशत नामांकन सुनिश्चित करना है। शिक्षकों ने अभिभावकों से सीधे संवाद स्थापित कर उन्हें बच्चों की शिक्षा के महत्व के बारे में जागरूक किया। इसके सकारात्मक परिणामस्वरूप कई अभिभावकों ने उत्साहपूर्वक अपने बच्चों का नामांकन विद्यालय में करवाया।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय के प्रधानाध्यापक धर्मेंद्र प्रसाद के नेतृत्व में सभी शिक्षक सक्रिय रूप से मौजूद रहे। इस अवसर पर कमल साव, शैदा एकबाल, नकी इमाम, संजय कुमार, सरिता कुमारी, उपेंद्र कुमार, जय प्रकाश, विवेक आनंद झा, सरिता कुमारी, आजाद आलम और तबस्सुम बेगम सहित सभी शिक्षकगण उपस्थित रहे।
इस मौके पर शिक्षक आजाद आलम ने कहा कि यहां के बच्चे बेहद प्रतिभाशाली हैं, जरूरत है उन्हें सही मार्गदर्शन और बेहतर शैक्षणिक माहौल देने की। उन्होंने कहा कि विद्यालय परिवार पूरी प्रतिबद्धता के साथ बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए कार्य कर रहा है और आगे भी ऐसे अभियान जारी रहेंगे ताकि कोई भी बच्चा शिक्षा से वंचित न रह जाए।
प्रधानाध्यापक धर्मेंद्र प्रसाद ने बताया कि विद्यालय का लक्ष्य है कि क्षेत्र के सभी बच्चों को शिक्षा से जोड़ते हुए गुणवत्तापूर्ण शिक्षा प्रदान की जाए। उन्होंने शिक्षकों के इस प्रयास की सराहना की और अभिभावकों से बच्चों की नियमित उपस्थिति सुनिश्चित करने की अपील की।
ग्रामीणों और अभिभावकों ने भी विद्यालय के इस पहल की सराहना की और बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजने का संकल्प लिया। इस अभियान ने न केवल नामांकन संख्या में वृद्धि की है, बल्कि शिक्षा के प्रति जागरूकता बढ़ाने में भी अहम भूमिका निभाई है।






