नालंदा जिले में बढ़ती ठंड और गिरते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है। जिले के सभी निजी और सरकारी स्कूलों में कक्षा 8वीं तक की पढ़ाई 11 जनवरी 2025 तक बंद रहेगी। इस दौरान स्कूलों में कक्षा 8 से ऊपर की सभी कक्षाएं सुबह 10 बजे से अपराह्न 3 बजे तक संचालित होंगी।
प्रशासन के अनुसार, यह कदम छात्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए उठाया गया है। नालंदा में पिछले कुछ दिनों से ठंड का प्रकोप बढ़ गया है, जिससे बच्चों को स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ सकता है। जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी स्कूलों को इस निर्देश का कड़ाई से पालन करने का आदेश दिया है।
अभिभावकों से अनुरोध किया गया है कि वे बच्चों को ठंड से बचाने के लिए गर्म कपड़े पहनाएं और अनावश्यक रूप से घर से बाहर न निकलने दें।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि मौसम में सुधार होने पर स्कूलों के संचालन को लेकर नया आदेश जारी किया जाएगा।