रात में यात्रियों को झेलनी होगी फजीहत, सुरक्षा भी बनेगी समस्या
बिहारशरीफ-अस्थावां रेल खंड पर इस वर्ष रेल सेवा शुरू होने की पूरी संभावना है। इसके लिए जहुरबिगहा में रेलवे स्टेशन बनाया जा रहा है। इससे कहीं खुशी तो कहीं गम का माहौल है। शहर से दो किलोमीटर दूर होने के कारण रात में यात्रियों को फजीहत झेलनी होगी। साथ ही उनकी सुरक्षा भी एक समस्या बनेगी। जहुरबिगहा में स्टेशन बनने पर लोग अपनी अलग-अलग राय दे रहे हैं। इसके लिए 21 साल पहले 2002 में जमीन अधिग्रहण हुआ था।
क्या है लोगों की राय:
अस्थावां नगर पंचायत के सामाजिक कार्यकर्ता सलमान अख़्तर उर्फ़ मिस्टर मुखिया ने बताया कि वर्ष 2002 में बिहारशरीफ-बरबीघा रेल सेवा के लिए जमीन के अधिग्रहण का काम शुरू हुआ है। 2023 में अस्थावां तक रेल चलने की खबर से लोगों में काफी खुशी है। सोयवापर या नेपुरा गांव के पास भी स्टेशन बनाया जाता तो अस्थावां समेत बिंद व रहुई प्रखंड के यात्रियों को भी सहुलियत होती। अस्थावां के ललन कुमार ने बताया कि गांव से लगभग दो किलोमीटर दूर जहुरबिगहा में स्टेशन बनने से कई गांव के लोगों को काफी परेशानी होगी। यात्रियों को काफी असुविधा का सामना करना पड़ेगा। अस्थावां गांव निवासी मोती पासवान ने बताया की शुरुआत में बिहारशरीफ के बाद नेपुरा गांव के पास स्टेशन बनने की चर्चा थी। अब अस्थावां से दो-तीन किलोमीटर दूरी पर स्टेशन बनाया जा रहा है।
टिकट काउंटर निर्माण तेजी से हो रहा है। फाइनल टच दिया जा रहा है। अंदी गांव के कर्मवीर कुमार ने बताया कि शिलान्यास के 21 साल बाद अस्थावां में पहली बार रेल सेवा शुरू होने की काफी खुशी है। बिहारशरीफ व जहुरबिगहा के बीच में एक स्टेशन होना चाहिए। अस्थावां के मनोज कुमार व रजावां गांव निवासी प्रेमरंजन कुमार ने बताया कि रेलवे स्टेशन से पास से गांव तक सड़क मार्ग बनाने की आवश्यकता है। विजय शंकर प्रसाद ने कहा कि बहुत साल के इंतजार के बाद लोगों को बड़ी सौगात मिलने वाली है। इससे कारोबार भी बढ़ेगा। उप मुख्य पार्षद अजित कुमार पासवान ने कहा कि अस्थावां के लोगों के लिए यह बड़ी उपलब्धि है। स्टेशन से बाजार तक वाले क्षेत्र का विकास होगा। लोगों के लिए रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
बोले विधायक :
जनहित को देखते हुए रेलवे स्टेशन से गांव तक एक किलोमीटर सड़क निर्माण कराने की बात संबधित अधिकारियों से की गई है। इससे रेलवे स्टेशन तक यात्रियों जाने में सहुलियत होगी। अस्थावां में जल्द ही रेल दौड़ने वाली है। इससे लोगों में खुशी देखी जा रही है।
डॉ. जितेंद्र कुमार, विधायक, अस्थावां विधान सभा